11 OCT 2025

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे नोएडा सेक्टर-107 स्थित ग्रेट वैल्यू एकानम सोसायटी के बाहरी हिस्से में बने सेल्स कार्यालय में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कार्यालय में रखे सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। प्रारंभ में सोसायटी की रखरखाव टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
शनिवार सुबह सोसायटी के बाहरी हिस्से में टिन शेड डालकर बनाए गए सेल्स कार्यालय में स्टाफ काम कर रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे एक कर्मचारी ने कमरे से धुआं निकलते देखा और शोर मचाया। शोर सुनते ही आसपास काम कर रहे अन्य कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
काफी दूर तक दिखा धुआं
आग लगते ही घना धुआं आसमान में फैल गया, जो दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना स्थल के आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। पास की हाईराइज सोसायटियों के निवासियों ने आग की वीडियो रिकॉर्डिंग की, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। आसमान में उठते धुएं के गुबार और लपटों को देखकर लोगों ने शुरुआत में आग के गंभीर रूप लेने की आशंका जताई।
