बर्थडे पार्टी में दोस्तों के हमले में घायल युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकर नगर में बर्थडे पार्टी के दौरान दोस्तों के हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले जन्मदिन मना रहे अनिकेत पर रंजिशन कुछ युवकों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल अनिकेत का इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वहीं, गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार सुबह महाराणा प्रताप चौक पर जाम लगाकर विरोध जताया। पुलिस अब तक दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो रबूपुरा कस्बे के मोहल्ला लक्ष्मीनगर के निवासी हैं।
कस्बेवासियों ने शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। घटना के दौरान बचाव में आया एक अन्य युवक भी घायल हो गया था।

अनिकेत का फाइल फोटो
कोतवाली प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि बीते गुरुवार शाम जन्मदिन की पार्टी मनाने के बाद सड़क पर टहल रहे अनुसूचित जाति के युवकों पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला कर दिया था। इस हमले में मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी सुमित और अनिकेत गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सात नामजद सहित कुल 12 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार थे। रविवार को पुलिस ने नामजद आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू और युवराज, दोनों निवासी रबूपुरा, को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन पुलिस ने दिया है।
