20 OCT 2025
त्योहारों के चलते यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल पर रविवार को वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। सुबह करीब 3 बजे से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जिसके चलते यात्रियों को टोल पार करने में 10 से 15 मिनट तक का समय लगा। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर रवाना थे। इस दौरान फास्टैग में आई तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ वाहन टोल पर अटक गए, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।

यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की भीड़ लगातार बढ़ती गई।
त्योहार के मौके पर परिवार सहित घर पहुंचने की जल्दबाजी के कारण यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया। बढ़ते यातायात के सामने टोल प्रबंधन की तैयारियां अपर्याप्त साबित हुईं, जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रविवार तड़के करीब तीन बजे से ही जेवर टोल पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा और सुबह छह बजे तक जाम जैसी स्थिति बन गई। टोल प्रबंधन, यातायात पुलिस और टोल चौकी पुलिस ने मिलकर तेजी से वाहनों को निकालने का प्रयास किया और किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। इस दौरान यात्रियों को टोल पार करने में 10 से 15 मिनट तक का अतिरिक्त समय लग गया।
