23 OCT 2025
त्योहार मनाकर दिल्ली-एनसीआर लौट रहे लोगों के कारण यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि टोल प्रबंधन ने पहले से किए गए इंतजामों के चलते यात्रियों को ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। पुलिस और अतिरिक्त कर्मचारियों की टीम ने वाहनों को तेजी से पार कराने में सहयोग दिया। दीपावली और भाई दूज के बाद ट्रैफिक दबाव बढ़ने से ग्रेटर नोएडा की दिशा में जाने वाले चालकों को कुछ देर इंतजार करना पड़ा।

यमुना एक्सप्रेसवे से त्योहार मनाकर दिल्ली-एनसीआर लौट रहे लोगों के कारण जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और लंबी कतारें लग गईं। लोगों की वापसी को ध्यान में रखते हुए टोल प्रबंधन ने गुरुवार को पहले से ही आवश्यक तैयारियां कर रखी थीं, जिसके चलते यात्रियों को अधिक परेशानी नहीं हुई।
वाहनों की बढ़ती संख्या को संभालने के लिए टोल चौकी पुलिस, यातायात पुलिस और अतिरिक्त कर्मचारियों ने मिलकर मोर्चा संभाला और वाहनों को तेजी से पार कराने में मदद की। इसके बावजूद देर रात तक जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारें बनी रहीं।
ग्रेटर नोएडा से आगरा तक फैला 165 किलोमीटर लंबा यमुना एक्सप्रेसवे सीधे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। यही कारण है कि दिल्ली-एनसीआर में कामकाजी लोग त्योहारों के दौरान इस मार्ग का अधिक उपयोग करते हैं। बड़ी संख्या में लोगों के आगमन और वापसी के चलते एक्सप्रेसवे पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ जाता है, जिससे टोल प्लाजा पर लंबी कतारें लग जाती हैं।
इस दौरान वाहन चालकों को टोल पार करने में 5 से 10 मिनट तक का इंतजार करना पड़ता है। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे त्योहारों पर जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की भारी भीड़ देखी गई, जिससे शुक्रवार और शनिवार को लंबा जाम लगा रहा। वहीं, त्योहार मनाकर गुरुवार को लौटते समय आगरा से ग्रेटर नोएडा की ओर आने वाले मार्ग पर फिर से वही स्थिति देखने को मिली। त्योहारों और लंबी छुट्टियों के दौरान टोल पर वाहनों का बढ़ता दबाव अब आम दृश्य बनता जा रहा है।
