नोएडा के मशहूर ट्रैवल इन्फ्लुएंसर अनुनय सूद (Anunay Sood) का 32 वर्ष की आयु में अमेरिका के लास वेगास में निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार ने इंस्टाग्राम पर उनके निधन की पुष्टि की है, हालांकि मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। अनुनय के इंस्टाग्राम पर 14 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे और वे फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स की सूची में शामिल थे।

सेक्टर-12 निवासी ट्रैवल इन्फ्लुएंसर और फोटोग्राफर अनुनय सूद (Anunay Sood) की अमेरिका के लास वेगास में हुई मौत की खबर सामने आई है। महज 32 साल की उम्र में हुए उनके निधन ने सोशल मीडिया पर सभी को स्तब्ध कर दिया है। परिवार ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की, हालांकि मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, स्वजन अमेरिका के लिए रवाना हो गए हैं। अनुनय की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट कुछ दिन पहले ही आई थी, जिसमें वे लास वेगास की सड़कों पर स्पोर्ट्स कारों के बीच दिखाई दे रहे थे। पोस्ट में उन्होंने लिखा था — “यकीन नहीं होता कि मैंने यह वीकेंड अपने सपनों की मशीनों और लीजेंड्स के बीच बिताया।”
उधर, अनुनय सूद के परिजनों ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट जारी करते हुए बताया कि वे इस समय गहरे शोक में हैं। परिवार ने सभी से इस कठिन समय में उनकी निजता (प्राइवेसी) का सम्मान करने की अपील की है।
इंस्टाग्राम पर उनके 14 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।
दुबई में रहने वाले अनुनय सूद सिर्फ एक ट्रैवलर नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत थे। उनके इंस्टाग्राम पर 14 लाख से अधिक फॉलोअर्स और यूट्यूब चैनल पर करीब चार लाख सब्सक्राइबर्स थे।
उनकी रील्स और फोटोग्राफी ने सोशल मीडिया पर ट्रैवल कंटेंट को एक नई दिशा दी थी। स्विट्जरलैंड के पहाड़ों से लेकर आइसलैंड की झीलों और टोक्यो की गलियों तक — उनके कैमरे ने हर जगह की अपनी अनोखी कहानी बयां की थी।
फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स में शामिल ट्रैवल इन्फ्लुएंसर
अनुनय सूद सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय थे। वह लगातार तीन वर्षों — 2022, 2023 और 2024 में फोर्ब्स इंडिया की टॉप 100 डिजिटल स्टार्स सूची में शामिल रहे। फोर्ब्स ने उन्हें “दुबई स्थित फोटोग्राफर, जो दुनिया को अपने कैमरे की नजर से देखता है” के रूप में सराहा था। इसके अलावा, अनुनय एक सफल मार्केटिंग फर्म के संस्थापक भी थे, जिसके जरिए उन्होंने सोशल मीडिया की क्रिएटिव दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।
