24 OCT 2025
ग्रेटर नोएडा में पूजा कर लौट रहे एक पुजारी पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि यह हमला पुजारी द्वारा पूर्व में की गई तोड़फोड़ के विरोध का बदला लेने के इरादे से किया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

पुजारी पर चाकू से किया वार
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक पुजारी पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पुजारी के शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल पुजारी ने घटना की शिकायत पुलिस से की है।
पीड़ित के स्वजन का आरोप है कि रंजिश के चलते कुछ लोगों ने अज्ञात बदमाशों को बुलाकर पुजारी पर हमला कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर कस्बे निवासी देवेंद्र शर्मा उर्फ देवा पंडित अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके पूर्वजों ने कस्बे में प्राचीन बाराही मंदिर का निर्माण कराया था, जहां हर साल ऐतिहासिक बाराही मेला आयोजित होता है। पीड़ित का कहना है कि शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह मंदिर में पूजा-पाठ कर घर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया।
रास्ते में तीन से चार अज्ञात युवकों ने पुजारी को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपितों ने धारदार हथियार से पुजारी के पेट पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, तो हमलावर वहां से फरार हो गए।
मंदिर में तोड़फोड़ का किया था विरोध
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के स्वजन की मदद से उन्हें घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुजारी का कहना है कि उन पर रंजिशन हमला किया गया है। उनके अनुसार, कुछ लोगों ने मंदिर के नाम पर एक समिति बनाकर मंदिर में तोड़फोड़ की थी, जिसका उन्होंने विरोध किया था।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर तभी से उनसे रंजिश रखते हैं। स्वजन का यह भी कहना है कि 29 सितंबर को भी समिति से जुड़े कुछ लोगों ने पुजारी के साथ मारपीट की थी और जान से मारने की धमकी दी थी।
