यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित बस ने दंपती और बेटी को मारी टक्कर, पति की मौके पर मौत — पत्नी और बच्ची अस्पताल में भर्ती, बस चालक फरार; पुलिस जांच में जुटी।

रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक अनियंत्रित मिनी बस ने दंपती और उनकी छह वर्षीय बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।
टक्कर के बाद बस पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया। बस पलटने के कारण कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे यमुना एक्सप्रेसवे कर्मियों ने बस को हटाकर जल्द ही सुचारु करा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के दपुरा गांव निवासी कमलेश रबूपुरा में रहकर राजमिस्त्री का काम करते थे। दीपावली पर वे अपने परिवार संग गांव गए थे और त्योहार मनाने के बाद बुधवार तड़के बस से रबूपुरा लौट रहे थे। जैसे ही यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से करीब 23 किलोमीटर दूर रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे बस से उतरे, तभी जेवर की ओर से आ रही तेज रफ्तार मिनी बस ने कमलेश, उनकी पत्नी और छह वर्षीय बेटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे यमुना एक्सप्रेसवे कर्मियों और पुलिस ने घायलों को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कमलेश की मौत हो गई। उनकी पत्नी 32 वर्षीय प्रियंका और छह वर्षीय बेटी कविता की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त मिनी बस खाली थी और उसमें केवल चालक मौजूद था। टक्कर के बाद बस पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि बस में सवारियां होतीं, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
